
जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना चौक से सब्जी विक्रेता कालू पोद्दार का ऑटो में अपहरण कर साकची पुराना कोर्ट के पास चाकू की नोक पर नकद की लूट का मामला प्रकाश में आया है. घटना 25 अगस्त तड़के पांच बजे की बताई जा रही है. इस मामले को लेकर कालू पोद्दार ने बिष्टुपुर में प्राथमिकी दर्ज कराई थी पर मामला उलीडीह थाना क्षेत्र का होने पर उसे उलीडीह पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया. शिकायत के अनुसार कालू 25 अगस्त को सब्जी खरीदने के लिए साकची सब्जी मंडी के लिए घर से निकला था. डिमना रोड से वह एक ऑटो पर बैठा. उस ऑटो पर पहले से तीन लोग बैठे थे. ऑटो चालक ने कहा कि वह पहले अन्य सवारियों को घर छोड़ देगा फिर उसे साकची छोड़ेगा. चालक ऑटो को पुराना कोर्ट के पास ले गया जहां सभी ने चाकू की नोक पर उससे 10,500 रुपए की लूट कर ली.





