जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो के कंचनदीप के पास सड़क की बदहाल स्थिति के कारण शनिवार को लंबा जाम लग गया. बारिश के कारण सड़क कीचड़ और दलदल में तबदील हो गई है. इस गंभीर स्थिति के कारण आपातकालीन सेवाओं का निकलना भी दूभर हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)

हाल ही में एक मरीज को ले जा रही एंबुलेंस इस बदहाल रास्ते में फंस गई. स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को बाहर निकाला. यह घटना सड़क की बदहाल को उजागर करती है, जहां बारिश के मौसम में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ता है. केवल यही नहीं यहां से गुजरने वाले कई वाहन भी दलदल में फंस गए, जिसके बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. (नीचे भी पढ़ें)

लोगों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जलजमाव की समस्या दूर करने की मांग की है. उनका कहना है कि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

गौरतलब है कि मानगो फ्लाइओवर निर्माण के लिए मानगो चौक से पायल टॉकिज तक गड्ढा खोदकर उसमें केबल बिछाने का काम किया जा रहा है. उसी के कारण सड़क किनारे जमी मिट्टी बारिश से सड़क पर बह गई, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.




