जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए जाने के मामले में 15 जूनियर रेजिडेंट (नॉन-एकेडमिक) डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है. अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने सभी संबंधित डॉक्टरों को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि यदि डॉक्टरों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. (नीचे देखे पूरी खबर)

जानकारी के अनुसार संबंधित डॉक्टरों की ड्यूटी आईसीयू में दूसरी और तीसरी पाली में लगाई गई थी, लेकिन निरीक्षण के दौरान वे अपने निर्धारित कार्यस्थल पर मौजूद नहीं मिले. प्रशासन ने इस घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा है कि आईसीयू अस्पताल का सबसे संवेदनशील विभाग होता है, जहां भर्ती मरीजों की स्थिति गंभीर रहती है और उन्हें लगातार चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता होती है. ऐसे में ड्यूटी के दौरान डॉक्टरों की अनुपस्थिति मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है. अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी पत्र में सभी संबंधित डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे विभागाध्यक्ष की टिप्पणी सहित अपना लिखित स्पष्टीकरण 24 घंटे के भीतर जमा करें. साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अस्पताल की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक सख्त कदम उठाए जाएंगे. इस संबंध में जारी पत्र की प्रतिलिपि मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, संबंधित विभागाध्यक्षों तथा सभी संबंधित जूनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को भी भेजी गई है.








