जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में दवाओं की कमी का संकट अभी भी बरकरार है. हालात ऐसे हैं कि भर्ती और ओपीडी मरीजों को रोजाना हजारों रुपये की दवाएं निजी मेडिकल स्टोर से खरीदनी पड़ रही हैं. दो माह पूर्व 800 से अधिक दवाओं का टेंडर खुलने के बावजूद अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता नहीं होने से मरीजों और परिजनों में नाराजगी है. इस स्थिति पर मंगलवार को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के उपाधीक्षक डा. जुझार माझी ने सख्त रुख अपनाया. (नीचे भी पढ़ें)
उपाधीक्षक ने एक-एक कर छह विभागों की समीक्षा की और सबसे पहले स्टोर व फार्मेसी विभाग का निरीक्षण किया. समीक्षा के दौरान कई खामियां उजागर हुईं, जिनका सीधा असर मरीजों की उपचार प्रक्रिया पर पड़ रहा है. डा. माझी ने संबंधित अधिकारियों से सवाल किया कि जब 800 से अधिक दवाओं का टेंडर लगभग दो माह पहले खुल चुका है, तो उसका लाभ मरीजों तक अब तक क्यों नहीं पहुंचा. अधिकारियों से उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. स्थिति को गंभीर मानते हुए उपाधीक्षक ने बुधवार को दवा भंडार की विशेष जांच कराने का निर्णय लिया है. उनका कहना है कि आपूर्ति में कहां अड़चन है, इसे चिन्हित कर तत्काल दूर किया जाएगा, ताकि मरीजों को शत-प्रतिशत दवाएं अस्पताल से ही मिल सकें. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur jail raid : जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में डीसी और एसएसपी का छापा, हड़कंप
समीक्षा बैठक में प्रस्तावित सेंट्रल पैथोलॉजी विभाग की प्रगति भी जांची गई. इसे नवंबर के अंतिम सप्ताह तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन फरवरी का आधा महीना बीत जाने के बावजूद विभाग पूरी तरह चालू नहीं हो सका है. इससे मरीजों को जांच के लिए बाहर जाना पड़ रहा है और अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है. डा. माझी ने बताया कि इस मुद्दे पर जल्द ही प्राचार्य डा. संजय कुमार और अधीक्षक डा. बलराम झा के साथ बैठक कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने की रणनीति बनाई जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा जन्म प्रमाण पत्र विभाग की समीक्षा में पाया गया कि आम लोगों को प्रमाण पत्र बनवाने में लंबा इंतजार करना पड़ रहा है. उपाधीक्षक ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पताल की छवि सुधारने के लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पर कार्रवाई भी होगी.













