जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी इलाके में कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देने वाला मामला सामने आया है. पोटका विधायक संजीव सरदार पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और सत्ता का रौब झाड़ने का गंभीर आरोप लगा है. गोलमुरी के अड्डा बार के पास स्थित शराब दुकान लंबे समय से विवादों में है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां शराब खरीदने के बाद लोग खुलेआम सड़क किनारे बैठकर शराब पीते हैं, जिससे माहौल बिगड़ता है और आए दिन शिकायतें होती रहती हैं. दो दिन पहले ही आबकारी विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची थी, यानी समस्या पुरानी है, लेकिन समाधान अब तक नदारद. आज फिर वही हालात बने तो गोलमुरी पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. पुलिस दुकानदार को नियमों का पालन करने और भीड़ हटाने की समझाइश दे रही थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

तभी वहां से गुजर रही विधायक संजीव सरदार की काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी अचानक रुकती है और यहीं से मामला गर्म हो जाता है. आरोप है कि सड़क किनारे खड़ी पुलिस गाड़ी देखकर विधायक भड़क गए, बीच सड़क पर अपनी गाड़ी खड़ी कर दी और ड्यूटी पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी गौरव सिंह को झाड़ लगायी और धमकी दे डाली. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है. ऐसे में सवाल उठता है क्या इस बार कार्रवाई होगी या मामला दबा दिया जाएगा? क्या जनप्रतिनिधि खुद को कानून से ऊपर समझने लगे हैं? क्या ड्यूटी पर तैनात पुलिस के साथ इस तरह की बदसलूकी बर्दाश्त की जाएगी?बार-बार शिकायत के बावजूद उस शराब दुकान पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? अगर वर्दी को ही सरेआम चुनौती दी जाएगी, तो आम जनता किस पर भरोसा करेगी? यह सिर्फ एक घटना नहीं यह सिस्टम की परीक्षा है. अब नजर प्रशासन पर है क्या कानून सबके लिए बराबर है, या फिर सत्ता के आगे नियम झुक जाएंगे?




