जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक ने प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से अपील की है कि 15 जून तक पीएम आवास के लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी दिलवा दें. श्री राय ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को टैग करके सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि मंत्री सुदिव्य कुमार को याद दिलाना चाहते है कि उन्होंने 15 जून से पहले जमशेदपुर के प्रधानमंत्री आवास लाभुकों को सौंपने का जो वादा किया था, उसे पूरा करें. श्री राय ने बताया है कि वे आज सुबह चौथी मंजिल तक फ्लैटों का निरीक्षण करने गये थे. कुछ फ्लैटों में अभी रखरखाव (मेंटेनेंस) का कार्य चल रहा है. कृपया लाभुकों को 15 जून तक उनके फ्लैटों का कब्जा लेने की अनुमति प्रदान करें. श्री राय ने बताया कि शनिवार की सुबह वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे फ्लैटों की स्थिति देखने गए थे. दो ब्लॉक पूरी तरह तैयार हैं. एक ब्लॉक के चौथी मंजिल तक के सभी फ्लैटों के भीतर जाकर उन्होंने स्थिति देखी. (नीचे भी पढ़े)

उन्होंने पाया कि कई फ्लैट एकदम दुरुस्त हैं. कईयों में बीच-बीच में दरार आ गई है. यह काला ईंट लगाने के कारण हुआ है. कई फ्लैट के सीमेंट झड़ रहे हैं. उन्होंने बताया कि ठेकेदार फ्लैट के भीतर मरम्मत का काम कर रहे हैं. सभी फ्लैटों के ताले खोल दिये गए हैं. श्री राय ने कहा कि फ्लैट के जो लाभार्थी हैं, अगर वो फ्लैट में रहना शुरु करेंगे तो मरम्मत का काम बेहतर तरीके से हो सकेगा. श्री राय को एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि वह यहां फ्लैटों की मरम्मत का ही कार्य कर रहे हैं क्योंकि अब ये फ्लैट लाभार्थियों को देने हैं. सरयू राय ने बताया कि पहले 31 मई तक फ्लैट आवंटित करने की बात हुई थी, लेकिन ये हो न सका. फिर नई तारीख मिली 15 जून की. आज 13 जून है. उन्होंने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से आग्रह किया कि इस बार आपकी बात रह जाए. 15 जून तक लाभार्थियों को फ्लैट की चाबी मिल जाए. सरकार को अपना वायदा पूरा करना चाहिए. सरयू राय ने कहा कि आज मंत्री से फोन पर बातचीत में फिर आग्रह किया कि 15 जून तक फ्लैटों की चाबी लाभार्थियों को मिल जाए. फ्लैट अच्छी स्थिति में हैं. जहां जरूरत है, वहां मरम्मत का काम चल रहा है. लाभार्थियों की परेशानी को दूर करते हुए उन्हें चाबी दे देनी चाहिए. श्री राय ने बताया कि वह रविवार को वह रांची में हैं. वह नगर विकास मंत्री से मुलाकात कर जरूरतमंदों को चाबी दिलवाने के संबंध में बात करेंगे.







