
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुल पर अपराधियों के दो गुटों के बीच जमकर फायरिंग हुई. अहले सुबह अपराधियों ने मानगो पुल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में फायरिंग कर गुंडागर्दी का नंगा नाच किया. इस घटना के दौरान पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और खोखा बरामद की है. बताया जाता है कि करीब 10 खोखा वहां से बरामद किया गया है. बताया जाता है घटना करीब 6:15 बजे की है. मानगों के पुराना पुल के पास मछली की गाड़ी मछलियों को उतार रहा था. बताया जाता है कि मछली की गाड़ियों से रंगदारी की वसूली हर दिन होती है. यहां से रंगदारी की वसूली एक गैंग के लोग करते थे. ( नीचे देखें पूरी खबर )

रोजाना हजारों रुपए का रंगदारी वसूली का यहां खेल चलता था. इसी बीच दूसरे गिरोह के लोगों ने पहले से रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के लोगों को रोक दिया और खुद रंगदारी वसूलने लगे. बताया जाता है कि अभी वसूली करने वाला गिरोह के लोग हावी पड़ गए थे जिसके बाद पहले रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के कुछ लोग शुक्रवार की सुबह मानगों के पुराना पुल के पास पहुंचे और रंगदारी की वसूली की कोशिश की. इसी को लेकर दोनों गिरोह के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई और उसके बाद दोनों ओर से फायरिंग हुई. घटनास्थल पर करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चली है. जमशेदपुर शहर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे में या घटना पूरी तरह कैद है और किस तरह अपराधी भाग रहे हैं यह भी साफ तौर पर देखा जा सकता है. (नीचे देखें पूरी खबर )

बताया जाता है कि फायरिंग कर अपराधी वहां से गुजर रहे लोगों पर पिस्तौल तानकर उनकी गाड़ियों पर सवार हुए और फिर अपने गंतव्य स्थान तक चले गए. इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है. पुलिस को घटना की जानकारी काफी देर बाद हुई जिसके बाद पुलिस लकीर पीटने में लगी हुई है. घटना में किसी के घायल होने की सूचना अब तक नहीं मिली है. पुलिस अब तक कोई भी जानकारी देने से बच रही है. आपको बताया नहीं कि जमशेदपुर के मानगों में गैंगवार कोई नई बात नहीं है. वहां दोनों गिरोह के बीच लगातार इस तरह की घटनाएं होती रही है. इस घटना के बाद आम जनता दहशत में है. किस कदर जमशेदपुर के मानगों पुल के भीड़भाड़ वाले इलाके में अपराधियों ने गोलियां चलाई है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जहां सबसे ज्यादा भीड़ मछली बाजार में लगता था वहां आज सन्नाटा पसरा हुआ था.







