
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में अपराधियों का बोलबाला है. मानगो दाईगुट्टू मुख्य सड़क पर स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में अपराधियों ने देर रात लगभग 2 बजे प्रवेश द्वार का शीशा तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश कर दान पेटी में रखे लाखों रुपए लेकर चंपत हो गए. बताया जाता है कि मंदिर को जब सुबह में पुजारी और अन्य सफाई कर्मचारी खोलने पहुंचे तो देखा कि गर्भ ग्रह का शीशा टूटा हुआ है और पैसे गायब है. इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह मंदिर में हिंदुओं की आस्था का बड़ा केंद्र भी माना जाता है. यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं. ( नीचे देखें पूरी खबर )
सीसीटीवी कैमरे की जांच चल रही है जिसके बाद यह खुलासा हो पाएगा कि कैसे चोरी हुई है. मानगो बड़ा हनुमान मंदिर में हमेशा से लोगों का आना जाना रहता है. पुलिस का दावा तो यह होता है कि दिन-रात पुलिस की गश्ती वहां कर रही है. पुलिस चेक पोस्ट भी वहीं पर है. लेकिन अपराधियों का मनोबल किस कदर बढ़ा हुआ है इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मानगो थाना से कुछ दूरी पर स्थित इस मंदिर में फिर से चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया और पुलिस प्रशासन को कोई कानो कान खबर नहीं मिल पाई. जानकारी देते हुए मंदिर कमेटी के सेक्रेटरी शिव प्रकाश शर्मा ने बताया कि चोर देर रात 2 बजे मंदिर में घुसा और थोड़ी देर में चोरी कर बाहर निकल गया. उन्होंने बताया कि मंदिर कमेटी हर दो माह में दान पेटी खोलती है. आगामी मंगलवार को भी दान पेटी खुलनी थी पर उससे पहले चोरी हो गई. उन्होंने बताया कि दानपेटी में लगभग 50 से 60 हजार रुपये होंगे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने बताया कि जमशेदपुर शहर की कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. दिनदहाड़े चोरी और गोली चलन की घटना घटित हो रही है. विकास सिंह ने जमशेदपुर जिले के वरीय आरक्षी अधीक्षक से मांग किया है कि मामला चोरी के साथ-साथ हिंदू भावनाओं से जुड़ा है इसीलिए खुद इस मामले में संज्ञान लेकर अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार करें.






