जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित होटल सन इंटरनेशनल के कमरे से चतरा के बड़े कारोबारी सह राज्य के जाने माने संवेदक सुबोध सिंह का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है. उनकी मौत की सूचना पाकर उनके परिजन जमशेदपुर पहुंचे. इन लोगों ने पहले तो मौत के कारणों को जानना चाहा. इसके बाद पुलिस अधिकारियों से मिले. इन लोगों ने बताया कि वे दो और लोगों के साथ चतरा से रांची गये थे. किन परिस्थितियों में वे रांची से जमशेदपुर आये और वे दोनों कारोबारियों की भूमिका क्या थी, यह देखने वाली बात है. उनके साथ एक ड्राइवर भी था. उन तीन लोगों को पुलिस पूछताछ के लिए बुलायी है और तीनों से पूछताछ की जा रही है कि कैसे वह वहां आया है और कारोबारी की मौत कैसे हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों ने इस मौत के पीछे गहरी साजिश बताया है. परिजनों ने बताया कि मृतक़ के साथ उनका पार्टनर और चालक यहां आया था. किन परिस्थितियों में उनकी मौत हुई है यह जांच का विषय है. बताया कि यहां आने से पहले रांची में किसी के साथ विवाद हुआ था. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. उधर सुबोध सिंह की मौत की सूचना मिलते ही चतरा जिले में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. सुबोध सिंह चतरा शहर के बाइपास रोड स्थित नगवां मोहल्ला के रहने वाले थे. वे मूल रूप से हंटरगंज प्रखंड के ढौलिया के निवासी थे. वैसे इस पूरे मामले पर जमशेदपुर पुलिस की चुप्पी कई सवालों को जन्म दे रहा है. घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना प्रभारी रामबाबू तिवारी पुलिस दल के साथ टीएमएच पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को फिलहाल टीएमएच के शवगृह में रखा गया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा. थाना प्रभारी रामबाबू तिवारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के साथ ठहरे दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही होटल स्टाफ और वहां मौजूद अन्य लोगों से भी जानकारी ली जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसमें किसी प्रकार की कोई साजिश शामिल है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जमशेदपुर आने का उद्देश्य क्या था और मृतक किन परिस्थितियों में होटल के कमरे में था.



