जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा अपने स्तर से साल 2018 से घर-घर कचरा उठाव का कार्य किया जा रहा है. इसके बावजूद कुछ सोसाइटी एवं अपार्टमेंट द्वारा चंद सेवा शुल्क बचाने के लोभ से कचरा यत्र तत्र चोरी चुपके फेंक दिया जाता है. इस निमित्त जमशेदपुर अक्षेस द्वारा बार-बार अभियान चलाकर कचरा उठाओ सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जाता रहा है. सोमवार को जमशेदपुर के कदमा उलियान सड़क पर कचरा फेंकते हुए एक टेंपो गाड़ी को सफाई कार्य देखने वाले राजेश रजक के द्वारा देखा गया.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने तुरंत अक्षेस के उड़नदस्ता दल को सूचित किया. उड़नदस्ता दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ लिया. पूछताछ करने पर चालक द्वारा बताया गया कि कचरा जमशेदपुर शहर के जाने-माने सोसाइटी विजया हेरिटेज का है. वाहन चालक से क्षेत्रीय राजस्व कर्मी द्वारा जुर्माना वसूला गया. साथ ही विजया हेरीटेज को नोटिस जारी करने का आदेश विशेष पदाधिकारी संजय कुमार ने दिया. विशेष पदाधिकारी ने कहा कि शहर को साफ रखना हर एक नागरिक की जिम्मेदारी है, कोई भी सोसाइटी अपार्टमेंट गंदगी फैलाते हुए पाए जाएंगे नियम संगत शख्त करवाई किया जाएगा.




