
जमशेदपुर : जमशेदपुर डीसी ऑफिस के सामने सीएए-एनआरसी के खिलाफ ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर के बैनर तले मुसलिम समुदाय के लोगों ने जोरदार नारेबाजी की. इसको लेकर जबरदस्त सभा हुई.
जमशेदपुर के डीसी ऑफिस के सामने हुए इस आंदोलन का नेतृत्व मानगो के रहने वाले झामुमो नेता बाबर खान ने किया. इस सभा में पूर्व सांसद रंजीता रंजन और पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने भी हिस्सा लिया. इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके से हमला लोगों ने बोला और कहा कि केंद्र सरकार आर्थिक मंदी से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह सारा कुछ किया जा रहा है.
इस तरह के कानून को किसी भी हाल में बरदाश्त नहीं किया जा सकता है. पूर्व सांसद रंजीता रंजन ने तो बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के खिलाफ भी हमला बोल दिया. पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने तो साफ तौर पर कहा कि यह आर या पार की लड़ाई है और इस कानून को किसी भी हाल में लागू होने नहीं दिया जायेगा.
एनआरसी की सभा सड़क के किनारे हुई, जिस कारण लोगों को आने जाने में दिक्कत थी, लेकिन पुलिस का भारी बंदोबस्त भी किया गया था ताकि किसी तरह भी विधि-व्यवस्था की समस्या वहां उत्पन्न नहीं हो सके. इस दौरान लोगों ने जोरदार तरीके से नारेबाजी की. इस दौरान किसी भी हाल में एनआरसी और सीएए को लागू नहीं होने देने का संकल्प लिया गया और इसको लेकर जनजागरण अभियान चलाने का भी अभियान चलाया गया.

बाबर खान द्वारा यहां एक अभियान जमशेदपुर के स्तर पर चलाया जा रहा है ताकि लोगों को जानकारी दी जाये कि एनआरसी और सीएएए क्या है. इससे देश को क्या नुकसान है और इसका दूरगामी नुकसान क्या होने वाला है.






