
जमशेदपुर : जोजोबेडा स्थित नुवोको सीमेंट प्लांट गेट को मंगलवार को मजदूरों ने पूरी तरह से जाम कर दिया. वैसे इस जाम को कंपनी के लगभग चार हजार कामगारों ने समर्थन दिया है. बताया जाता है कि पिछले एक साल से कंपनी प्रबंधन द्वारा विस्तारीकरण के नाम पर यहां काम कर रहे मजदूरों और कामगारों को ना तो नियमित वेतन दिया जा रहा है, ना ही पीएफ, ईएसआईसी व अन्य सुविधाएं दी जा रही है. कई दौर की वार्ता के बाद भी नतीजा सिफर ही रहा है. उधर मंगलवार को मजदूरों का सब्र जवाब दे गया, और सभी मजदूरों ने कंपनी गेट को जाम कर दिया. वहीं मजदूरों ने साफ कर दिया है, कि अब आश्वासन नहीं अब समाधान चाहिए. साथ ही मजदूरों ने वैसे पदाधिकारी से बात करने का फरमान जारी किया है, जिनसे वार्ता के बाद उनकी समस्याओं का समाधान हो सके. फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई बड़े अधिकारी सामने नहीं आए हैं. बताया जाता है, कि पिछले 3 महीने से ठेका मजदूरों को वेतन भी नहीं मिला है, ना ही कंपनी के ठेकेदारों को आवंटन ही मिला है. जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है. फिलहाल सभी कामगार कंपनी गेट पर जमे हुए हैं.





