जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के दाईगुटू कृष्णा रोड नंबर 12 की रहनेवाली 62 वर्षीया शिखा दत्ता के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों के अनुसार, 9 अगस्त की दोपहर करीब 2 बजे शिखा दत्ता घर से निकलने से पहले एक सादा कागज पर नोट लिख कर गईं है. नोट में उन्होंने कर्ज का जिक्र करते हुए लिखा कि वह कई दिनों से अपनी क्षमता के अनुसार कर्ज चुकाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन अब कर्ज चुका पाना संभव नहीं हो रहा है. उन्होंने अपनी परेशानी के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं बताया. (नीचे भी पढ़ें)
नोट मिलने के बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की. यीशु भवन के पास बिजली विभाग क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई, जिसमें शिखा दत्ता नदी की दिशा में जाती हुई दिखाई दीं. हालांकि, काफी तलाश के बावजूद उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लापता महिला के नाती रोनित दत्ता ने मामले की सूचना मानगो थाना को दी है. रोनित दत्ता का आरोप है कि उन्हें पुलिस की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है. परिजनों की मांग है कि पुलिस अपने स्तर से मानगो थाना क्षेत्र में भी व्यापक स्तर पर तलाश अभियान चलाए, नदी में खोजबीन कराए, ताकि शिखा दत्ता का जल्द पता लगाया जा सके. फिलहाल परिवार उनकी सुरक्षित बरामदगी की उम्मीद कर रहा है और पुलिस से सक्रिय रूप से तलाश करने की अपील की है. परिजनों का कहना है कि उनको जानकारी मिली थी कि नदी में एक महिला कूदी है, जिसके बाद नदी किनारे उनकी तलाश शुरू की गई.








