
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना रोड में सुंदर गार्डन सोसाइटी और मून सिटी से सटे बड़े नाले के समीप का स्थान काफी समय से आपराधिक छवि के लोगों का अड्डा बन गया था. वहां अवैध रूप से एक झोपड़ी बना दिया गया था, जहां बैठकर कम उम्र के लड़कों को भी नशे की लत लगवाकर उन्हें अपराध के लिए उकसाया जा रहा था. इनके कारनामे के सबसे ज्यादा भुक्तभोगी सुंदर गार्डन सोसाइटी के लोग हैं, जिनका मोटर पंप, बिजली का तार आए दिन चोरी हो रहा था. इसकी शिकायत लगातार लोगों द्वारा की जा रही थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

गुरुवार की दोपहर उलीडीह थाना के सब इंस्पेक्टर युधिष्टिर प्रजापति के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा सघन अभियान चलाकर उस अवैध स्थल की घेराबंदी को हटवाया गया. वहां के अड्डे को ध्वस्त किया गया. सोसाइटी के महासचिव व मीडिया प्रभारी (विधायक कार्यालय मानगो) ने उलीडीह प्रभारी से वहां नियमित पुलिस पेट्रोलिंग कर क्षेत्र को अपराध मुक्त करने की मांग की है. इसको लेकर अभियान चलाकर सारे अपराधियों के अड्डे को हटा दिया गया. इस दौरान पुलिस ने लगातार वहां गश्ती करने की तैयारी की है. इसको लेकर पुलिस से लोगों ने आग्रह किया है कि तत्काल मामले में कार्रवाई की जाये और इस तरह का अभियान चलाया जाता रहे.




