जमशेदपुर : झारखंड के कई जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की मिली धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं. इसी कड़ी में जमशेदपुर जिला प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है. जमशेदपुर में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिविल कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान कोर्ट के गेट संख्या एक से लेकर गेट संख्या तीन तक सभी एंट्री और एग्जिट प्वाइंट की बारीकी से जांच की गई. पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी आवश्यक निर्देश दिए. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में झारखंड के कई जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इससे पहले जमशेदपुर के प्रमुख शिक्षण संस्थान एक्सएलआरआइ को भी ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने कहा कि पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है, केवल सतर्क रहने की आवश्यकता है.







