जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई पुलिस ने मंगलवार की देर रात मानगो स्थित एक होटल में छापामारी कर पत्नी को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपी पति अजीजुर रहमान को गिरफ्तार कर लिया है. उसको जेल भेज दिया गया है. पति पटना लालबाग का रहने वाला है. जुगसलाई थाना में 8 नवंबर 2022 को अजीजुर रहमान और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ केस दायर किया गया था, जिसको लेकर वह फरार चल रहा था. पटना के लाल बाग निवासी अजीजुर रहमान से 23 मार्च 2022 को शगुफ्ता की शादी हुई थी. शादी के बाद जानकारी मिली कि अजीजुर का दूसरी युवती के साथ भी अवैध संबंध है. (नीचे भी पढ़े)
जब शगुफ्ता को इसकी जानकारी मिली तो वह उसका विरोध करने लगी. उसके बाद अजीजुर और उसके परिवार के लोग शगुफ्ता के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे. पति और ससुराल के लोग उसे छोड़ देने की धमकी देने लगे. इस दौरान शगुफ्ता जुगसलाई स्थित अपने मायके आयी और 8 नवंबर 2022 को अपने जुगसलाई स्थित मायके में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. केस दर्ज होने के बाद से पति फरार चल रहा था. मंगलवार की रात जुगसलाई थाना प्रभारी को उसके लोकेशन के बारे में जानकारी मिली. उसका लोकेशन मानगो के एक होटल में दिख रहा था. बताया जाता है कि पति मानगो के होटल में रंगरेलियां मना रहा था. सूचना मिलने के साथ ही जुगसलाई पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और अजीजुर रहमान को गिरफ्तार कर लिया.




