
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र में आजसू नेता माणिक चंद्र महतो और हाथीखेदा मंदिर के पुजारी गिरिजा प्रसाद सिंह सरदार के घर पर लूट के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में परिमल सिंह, बुद्धेश्वर सिंह, सुधन्या गोराई और अजय गोराई शामिल है. पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू और लूट हुए रुपयों में से 44 हजार रूपए बरामद किए है. मानिकचंद्र महतो ईट भट्टा संचालक है और सुधन्या गोराई भी इसी व्यवसाय में शामिल है. घटना का मास्टर माइंड परिमल सिंह है. वहीं सुधन्या गोराई अजय गोराई का पुत्र है. जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि माणिक चंद्र महतो के घर पर 14 जनवरी को उनके भतीजे को बंधक बनाकर चाकू की नोक पर लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. घटना में 2.50 लाख की डकैती की गई थी. इधर 23 जनवरी को भी हाथीखेदा मंदिर के पुजारी गिरिजा प्रसाद सिंह सरदार के घर पर भी डकैती का प्रयास किया गया था. अनुसंधान के क्रम में पुलिस को घटना में साथ लोगों के संलिप्त होने की जानकारी मिली. जांच में पुलिस ने चार आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने परिमल सिंह के घर से 44 हजार रूपए चाकू और अन्य सामान बरामद किया गया. घटना के बाद सभी लोगों ने रुपयों को आपस में बांट लिया था. बुद्धेश्वर सिंह ने रुपए को किसी को उधर दे दिया जबकि सुधन्या और अजय गोराई ने उन रुपयों को अपने घर में लगा दिया. फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है.







