
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई पुलिस ने लूटकांड का खुलासा कर दिया है. एक अप्रैल को बागबेड़ा निवासी शुभम कुमार अपने भाई के साथ जुगसलाई थाना अंतर्गत शिव घाट में नहाने आए थे जहां पहले से घात लगाए जुगसलाई निवासी सैफ अली व अरमान नाम के दो युवकों ने हथियार का भय दिखाकर उनसे नगद 62 सौ रुपए की लूट कर ली थी. इस कांड को अंजाम देने के बाद दोनों फरार हो गये थे. इसके बाद पीड़ित द्वारा जुगसलाई थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी. इसका अनुसंधान पुलिस द्वारा किया जा रहा था. जुगसलाई पुलिस ने इस कांड में शामिल दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से कांड में प्रयुक्त हथियार समेत 33 सौ रुपये नकद भी बरामद किया गया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी नित्यानंद महतो ने बताया कि दोनों युवकों का पुराना अपराधिक इतिहास भी है, साथ ही उन्होंने बताया इनके पास से हथियार समेत नगद भी बरामद किया गया है.






