जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बनाते हुए सिदगोड़ा पुलिस ने मनीफीट निवासी युवक शुभम नायडू को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके पास से देशी कट्टा को बरामद किया है. पुलिस ने उक्त युवक को न्यू बारीडीह एरिया से गिरफ्तार किया, जहां वह अपने साथियों के साथ अपराध की योजना बना रहा था. इसी बीच पुलिस वहां पहुंची तो वह दौड़कर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसको धर दबोचा. इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से देशी कट्टा को बरामद किया गया. पुलिस ने बताया कि वह लूट की घटना को अंजाम देने के फिराक में था. इसी दौरान पुलिस वहां पहुंच गयी, जिसको गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस मामले की जांच की और उससे पूछताछ की. सिदगोड़ा थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि बाइक से वह कई अपराध कर चुका था. पुलिस उसका आपराधिक इतिहास पता लगाने की कोशिश कर रही है.






