
जमशेदपुर : रोट्रेक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर की स्टील सिटी शाखा की ओर से ‘भविष्य’ नामक एक नये प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई है. इस प्रोजेक्ट के तहत क्लब की ओर से जरूरतमंद छात्रों को पुरानी किताबें उपलब्ध करवाई जायेंगी, ताकि छात्रों की जरुरतों को पूरा किया जा सके और वे शिक्षित हो सकें. उल्लेखनीय है कि इस क्लब के द्वारा पहले से ही समाजहित में कई कार्य किये जाते रहे हैं. अब इन्होंने एक नई शुरुआत की है जहां पुरानी किताबों को एक जगह इकट्ठा किया जाएगा और उसे सत्र के अनुसार जरूरतमंद छात्रों तक पहुंचाया जाएगा. दरअसल कोरोना काल में बढ़ती बेरोजगारी व संसाधनों की कमी की वजह से बच्चों की शिक्षा पर इसका बुरा असर पड़ा है. कहीं पुस्तकों की कमी, तो कहीं ऑनलाइन पढ़ाई के लिये साधनों का अभाव. ऐसे में क्लब द्वारा यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी. शुक्रवार को प्रदेश भाजपा नेता भरत सिंह ने इस प्रोजेक्ट का विधिवत उद्घाटन किया. साथ ही उन्होंने क्लब की इस पहल को अत्यंत की सराहनीय बताया. इस अवसर पर क्लब के सभी पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे.




