चाकुलिया : चाकुलिया – माटिहाना मुख्य सड़क पर दिघी गांव के पास शनिवार देर शाम बाइक और साइकिल में हुई टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के पश्चात ग्रामीणों ने इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी. सूचना होने के पश्चात भी 108 एंबुलेंस घटना स्थल नहीं पहुंचा. सड़क दुर्घटना की सूचना पाकर विधायक समीर मोहंती घटना स्थल पहुंचे एवं दोनों घायलों को अपने निजी वाहन से उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार सोनहरा गांव निवासी शंभु मुंडा चौठिया स्थित राइस मिल से काम कर साइकिल से घर लौट रहा था तभी पिछे से आ रहे बाइक सवार माछकांदना गांव निवासी योगेश्वर हांसदा ने टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. इस सड़क दुर्घटना में शंभु मुंडा के सर में गंभीर चोट लगी है और योगेश्वर भी घायल है. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है. मौके पर विधायक श्री मोहंती ने अस्पताल प्रशासन से उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा और 108 एंबुलेंस सेवा की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस मामले को लेकर वे उपायुक्त से बात करेंगे.




