जमशेदपुर : झारखंड-बिहार यूको बैंक एम्प्लॉइज यूनियन के दिवंगत वाइस प्रेसिडेंट उमेश कुमार सिंह के हरहरगुट्टू, बागबेड़ा स्थित आवास पर शुक्रवार को यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने उनके परिजनों से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों ने श्री सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. यूनियन के ऑल इंडिया सेक्रेटरी बी प्रसाद इसके लिए पटना से विशेष रूप से जमशेदपुर पहुंचे थे. (नीचे भी पढ़ें)
श्री प्रसाद ने परिजनों को ढाढस बंधाते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि यूनियन भविष्य में हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहेगी. उन्होंने यूनियन में उमेश कुमार सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें यूनियन के लिए समर्पित और संघर्षशील नेता बताया. प्रतिनिधिमंडल में उमेश प्रसाद (पटना), संजय मुखी, आरपी लाल, आरके सोम, प्रदीप ठाकुर, हाराधन टुडू समेत कई अन्य सदस्य शामिल थे. सभी ने श्री सिंह के परिजनों को सांत्वना देते हुए उनके योगदान को नमन किया. याद रहे कि उमेश कुमार सिंह का विगत 3 जुलाई को एमटीएमएच में इलाज के दौरान निधन हो गया था. उनका अंतिम संस्कार 4 जुलाई को बिस्टूपुर स्थित पार्वती घाट में संपन्न हुआ. उनके असमय निधन से यूनियन में शोक की लहर है.



