गालूडीहः चैत्र शुक्ल प्रतिपदा हिंदू नववर्ष शुरू होने के अवसर पर गालूडीह स्थित रंकणी शिशु विद्या मंदिर की ओर से रविवार को झांकी के साथ प्रभात फेरी निकाली गयी. स्कूल की प्रधानाचार्य लक्ष्मी प्रिया सोरेन के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली. इस दौरान भारत माता की जय, हिंदू नववर्ष मुबारक हो आदि नारे लगाते हुए प्रभातफेरी स्कूल से निकल कर अंडरपास, बंगालीपाड़ा, नीमतोला, सुभाष चौक से गुजरते हुए वापस स्कूल पहुंची. वहीं, झांकी के साथ निकली प्रभात फेरी को लेकर बच्चों में भारी उत्साह देखा गया. (नीचे भी पढ़े)
शिक्षकों ने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से शुरू होने वाला नववर्ष सनातन धर्म में खास महत्व रखता है. चैत्र मास का महीना न केवल महत्वपूर्ण पर्वों का समय होता है, बल्कि प्रकृति के लिए भी यह एक विशेष समय होता है. वर्ष प्रतिपदा के साथ ही हिन्दू नववर्ष का प्रथम दिन माना जाता है. इस दिन ब्रह्माजी ने संपूर्ण सृष्टि का सृजन किया था और पांडवों का राज्याभिषेक भी हुआ था. उन्होंने बताया कि बच्चों के द्वारा निकाली गयी झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा. इस मौके पर प्रिंसिपल लक्ष्मी प्रिया सोरेन, पुष्पांजलि मिश्रा, अजय विश्वास, गीतांजलि शर्मा, चंदन धाउड़िया, प्रकाश गोप, रामरंजन सिंह, सुदीप्ता कर्माकर आदि उपस्थित थे.














