गालूडीह: हेंदलजुड़ी पंचायत के हलदुबनी गांव में रविवार को गुप्त सूचना पर वन विभाग ने छापामारी की. इस दौरान काट कर रखे एकासिया लकड़ियों को वन विभाग के अधिकारी अमित सेन महतो और बलराम मुंडा ने टीम के साथ छापामारी कर जब्त किया. जानकारी के अनुसार वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि हलदुबनी में पेड़ों की कटाई की जा रही है. हालांकि लकड़ी किसकी है जांच पड़ताल की जा रही है.(नीचे भी पढ़े)
वन विभाग की टीम सभी लकड़ियों को जब्त कर ट्रैक्टर ट्राली में लादकर घाटशिला ले गयी. जब्त लकड़ियों की मेजरमेंट की जा रही है. इस कार्रवाई से लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है. इस कारोबार में कौन-कौन संलिप्त हैं इसका पता लगाया जा रहा है.जानकारी के अनुसार रैयत की आड़ में क्षेत्र के लकड़ी माफिया जंगल काट रहे हैं. रैयत में इतनी अधिक संख्या में कहीं पेड़ नहीं है. सूत्र बताते हैं कि जंगल से कई पेड़ काट कर रैयत में मिला कर दिखाया जा रहा है. इसकी जांच होगी, तो चौंकाने वाले मामले सामने आयेंगे.




