पोटका : पोटका प्रखंड क्षेत्र में मलेरिया लगातार उग्र रूप लेता जा रहा है. जांच में प्रतिदिन मरीजों की संख्या में इजाफा होता दिख रहा है जिससे स्वास्थ्य विभाग और ग्रामीणों में हड़कंप मचा हुआ है. मंगलवार को भी विभिन्न गांवों में एमपीडब्ल्यू द्वारा कुल 507 लोगों की जांच की गई, जिनमें 51 मलेरिया संक्रमित मरीज मिले. मंगलवार को सबर नगर, कांदर, जोजोगोड़ा, गाम्हीरकोचा, छोटा रामगढ़, कुंदरुकोचा, झरिया, टांगराइन सहित अनेक गांवों में शिविर लगाकर मलेरिया जांच अभियान जारी रहा. इस दौरान मलेरिया से संक्रमित मरीजों को मौके पर दवा भी दिया गया. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोटका में दो नए मरीजों, जोबा हांसदा व विकास मार्डी को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया है. यहां पूर्व से 5 मरीज इलाजरत हैं. मलेरिया के बढ़ते मरीज पूर्व से चिह्नित मलेरिया जोन में ही पाए जा रहे हैं. उधर मंगलवार से जांच टीम की संख्या भी बढ़ा दी गई. जिला स्वास्थ्य विभाग ने 12 टीमों को जांच के लिए प्रतिनियुक्त किया है. ज्ञात हो कि रविवार की जांच में 29 एवं सोमवार की जांच में कुल 40 ग्रामीण मलेरिया संक्रमित पाए गए थे. (नीचे भी पढ़ें)

बीडीओ, सीओ ने किया प्रभावित गांवों का दौरा, जांच व डीडीटी छिड़काव तेज करने के दिए निर्देश
प्रखंड क्षेत्र में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा एवं अंचलाधिकारी निकिता बाला के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मलेरिया प्रभावित हरिणा पंचायत के बलियाचुआ सहित अन्य गांवों का दौरा किया. अधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया.







