बहरागोड़ा: विधायक समीर महंती मंगलवार को विधानसभा सत्र के शुन्य काल में सरकार से कहा की प्रखंड के पुरणापानी पंचायत के बुढीपोखर में 12 करोड़ की लागत से एकलव्य विद्यालय भवन पिछले तीन वर्ष से बनकर तैयार है. कहा कि कंस्ट्रक्शन कंपनी के द्वारा एकलव्य विद्यालय भवन को हैंडओवर भी कर दिया गया है, परंतु विभागीय लापरवाही के कारण अब तक विद्यालय शुरू नहीं हो पाया है. विधायक श्री महंती ने सरकार से विद्यालय में पठन पाठन जल्द ही शुरू करने की मांग की. वही पंचम विधानसभा के एकादश सत्र में आज प्रश्नकाल में विधायक समीर महंती ने शिक्षा से जुड़े हुए दो अहम सवाल उठाये. उन्होंने कहा कि वर्ष-2022 में विधानसभा क्षेत्र के चार विद्यालय केन्दाडांगरी उवि माटियाबांधी आंचलिक उवि मानुषमुड़िया उवि और केसरदा उवि को +2 उच्च विद्यालय में उत्क्रमित किया गया है. उत्क्रमित करने के पश्चात विभागीय नियमानुसार इंटर में नामांकण कार्य भी पूर्ण करा लिया गया है और पठन-पाठन की क्रिया भी संचालित है. परंतु दुर्भाग्य का विषय है कि इन विद्यालयों के पास इंटर की पढ़ाई हेतु कोई आधारभुत संरचना नही है, फलस्वरूप सही अर्थ में पठन-पाठन की क्रिया नहीं चल पा रही है. सिर्फ कोरम पूरा किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
विधायक ने शिक्षकों की अनुपलब्धता पर भी प्रकाश डाला. विभागीय मंत्री द्वारा आश्वस्त किया गया कि उक्त विद्यालयों के लिए बहुत जल्द 8 कमरों का भवन निर्माण कराया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया सरकार के सज्ञान में आने के पश्चात शुरू कर दिया गया है. इस संबंध में जमशेदपुर उपायुक्त को सरकार के सचिव के द्वारा पत्राचार कर जिला खनिज फाउंण्डेशन ट्रस्ट की निधि से निर्माण कराने हेतु निर्देश दे दिया गया है. शिक्षकों के पदस्थापन का कार्य भी प्रक्रियाधीन है. विधायक ने एक अन्य प्रश्न के दौरान मध्य विद्यालयों में लिपिक का पद सृजन का मामला भी उठाया. विधायक ने कहा कि लिपिक का पद सृजित ना रहने के कारण शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्यों में व्यस्त रहना पड़ता है, जिसके कारण विद्यालय की पठन-पाठन की क्रिया प्रभावित होती है. अगर कम से कम एक लिपिक की नियुक्ति विद्यालयों में हो जाए तो शिक्षक पठन-पाठन की क्रिया में मनोनिवेश कर पाएंगे.



