जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से करीब पौने दो किलो गांजा और 11 ग्राम से ज्यादा ब्राउन शुगर बरामद किया है. दरअसल, घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय यानी राजबाड़ी के खंडहर भवन में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना पुलिस को मिली थी. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़ें)
तलाशी के दौरान 1 किलो 81 ग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में घाटशिला राजस्टेट निवासी दिनेश सिंह, धोबीपाड़ा निवासी तुषार सीट और मुसाबनी के पाथरगोड़ा निवासी लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से नशीले पदार्थों के अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक हुंडई आई-10 कार और अलग-अलग कंपनियों के सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. इस मामले में घाटशिला थाना में एनडीपीएस एक्ट समेत बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.




