गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र में पुतरू गांव के एक व्यक्ति की जमीन पर रास्ता बना हुआ है, लेकिन कुछ ग्रामीणों का आरोप है कि रैयत ने रास्ते पर झाड़ी रखकर रास्ते को बंद कर दिया है, जिससे सात परिवार घर के अंदर बंद हो गये हैं. ग्रामीणों ने कहा कि घर से निकलना मुश्किल हो गया है. जबकि यह रास्ता लंबे समय से चालू था. इसको लेकर गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी, थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी से भी शिकायत की गई है. वहीं, रैयत कमल महतो ने बताया कि उक्त जमीन रैयती है. जमीन उनके पिता स्व अनंत महतो के नाम पर रजिस्टर्ड है. पहले चलने लायक रास्ता था, किन्तु अब हमारी रैयती जमीन पर हमें बिना सूचना के दस फुट का रास्ता बनाया जा रहा था. इसीलिए रास्ता बंद किया गया है. एक परिवार ने कुछ दिन पहले जमीन खरीदकर मकान बनाया है. उनको जमीन खरीदने से पहले सोचना चाहिए था कि जिस जमीन को खरीद कर मकान निर्माण करा रहे हैं, उस तक जाने का रास्ता है या नहीं. अगर नक़्शे में रास्ते का उल्लेख है तो हम रास्ता छोड़ने के लिए तैयार हैं.















