गालूडीह : गालूडीह थाना क्षेत्र के धदकीडीह गांव के पास नहर किनारे सड़क पर गड्ढे होने से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि गालूडीह बराज से मऊभंडार तक जाने वाली सड़क के बीचोबीच कुछ ग्रामीणों द्वारा जगह-जगह गढ्ढा खोद कर पाइप बिछाकर नहर से खेतों तक पानी लाया जा रहा है, जिसके कारण राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है. इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन और मोटरसाइकिल निकलते हैं. इस सड़क पर गड्ढे होने के चलते वाहन चालकों की दुर्घटनाग्रस्त होने की संभावना बनी रहती है. विभाग के अधिकारियों को आमजन की परेशानी को देखते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करानी चाहिए, जिससे दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके.














