जमशेदपुर : साकची थाना में थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव की अध्यक्षता में थाना शांति समिति की आयोजित एक बैठक में आगामी रथ यात्रा के साथ ही शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विचार-विमर्श हुआ. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संजीव कुमार उपस्थित रहे. बैठक में आगामी धार्मिक आयोजनों को शांति, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के साथ-साथ पुलिस एवं आम जन के बीच समन्वय को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में बताया गया कि 16 जुलाई को बिष्टुपुर स्थित श्री राम मंदिर से निकलने वाली, इस्कॉन की तथा देवनगर से निकलने वाली रथ यात्राएं साकची के मुख्य गोलचक्कर से होकर गुजरेंगी. इन आयोजनों के दौरान शांति समिति के सदस्य प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सक्रिय भूमिका निभाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे. बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. सदस्यों ने नियमित रूप से मोहल्ला स्तर पर पुलिस-पब्लिक बैठक आयोजित करने, साकची बाजार के व्यापारियों के साथ संवाद बढ़ाने तथा देर रात तक सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली अवांछित गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की गश्त एवं छापेमारी बढ़ाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा साकची बाजार एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने, विशेष रूप से झंडा चौक स्थित हाई-मास्ट लाइट के आसपास अतिरिक्त कैमरे लगाने, बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने तथा साकची बाजार के मुख्य प्रवेश द्वार पर बने वॉच टावर पर स्थायी निगरानी दल की तैनाती कर वहीं से सीसीटीवी मॉनिटरिंग संचालित करने का भी सुझाव दिया गया. बैठक को संबोधित करते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि शांति समिति द्वारा दिए गए सभी सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है. कई बिंदुओं पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और शीघ्र ही इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में प्रमुख रूप से तेज प्रताप पांडे, सरदार परमजीत सिंह काले, सोनू राजा खान, मुन्ना खान, अंकित जवानपुरिया, विकास दुबे, राकेश साहू, कृतजीत सिंह रॉकी, सरदार हरविंदर सिंह, सैयद अंसारी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, विवेक पांडे, शांतनु बोस, विकास कुमार सिंघानिया, मुदस्सिर हसन, शेख अहमद, इमरान खान, सैयद कलीम सहित शांति समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.






