जमशेदपुर : संस्कार भारती की जमशेदपुर महानगर इकाई के तत्वावधान में तुलसी भवन के प्रयाग कक्ष में गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया गया. इस अवसर पर जमशेदपुर निवासी स्वर, ताल एवं लय की त्रिवेणी, संगीत विदुषी सुश्री नूपुर गोस्वामी को संस्कार भारती के संस्थापक ‘पद्मश्री बाबा योगेन्द्रनाथ स्मृति गुरु सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया. संस्था की कार्यकारी अध्यक्ष डॉ मुदिता चंद्रा, उपाध्यक्ष शकुंतला पाठक, मंत्री विजय भूषण एवं झारखंड प्रांतीय नाट्य विधा सह-प्रमुख अनिता सिंह की उपस्थिति में संगीत नूपुर गोस्वामी को श्रीफल, शॉल, वार्षिक पुस्तिका एवं अभिनंदन –पत्र प्रदान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
परंपरानुसार ध्येय गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद तरुण प्रभा की संयोजिका अरुणा भूषण ने संगीत विदुषी नूपुर गोस्वामी के अभिनंदन-पत्र का पाठ किया. सम्मान समारोह में नूपुर गोस्वामी के शिष्य-शिष्याओं ने बड़ी आत्मीयता से अपने सुरों के माध्यम से गुरु का सम्मान किया. शहर के प्रसिद्ध गायक एवं जमशेदपुर संस्कार भारती के संगीत विधा सह प्रमुख राजेन्द्र साह राज ने गुरु वंदना व स्वागत गीत की प्रस्तुति की. स्वागत वक्तव्य उपाध्य्क्ष शकुंतला पाठक ने, जबकि गुरु एवं गुरु पूर्णिमा के महत्व पर साहित्य विधा प्रमुख डॉ अनिता शर्मा ने प्रकाश डाला. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम पूर्णतया संगीतमय था. नूपुर गोस्वामी ने शास्त्रीय संगीत गायन से अपनी अद्भुत कला का परिचय दिया. सम्मानित विदुषी के शिष्य एवं शिष्याओं में सुमन मुखर्जी (भजन), अद्रिर्जा चटर्जी (भजन), अनुराग चटर्जी (भजन), सौमी दास शर्मा (भैरव), अजेताश्री ने यमन राग में भजन की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्र-मुग्ध कर दिया. धन्यवाद एवं आभार वक्तव्य मंत्री विजय भूषण ने दिया.



