
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत बाल विहार निवासी सुषमा कुशवाहा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. इधर शनिवार को इलाज के दौरान मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. परसुडीह के गदड़ा में रहने वाले मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया. परिजनो के अनुसार शुक्रवार को सुषमा ने सुबह जहर खाया लेकिन ससुराल वालों ने इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी. सुबह जब भतीजी की मौत हो गई तब फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई. ससुराल में दहेज के लिए भतीजी को प्रताड़ित किया जाता था. परिजनों ने बताया कि उसकी शादी दिसंबर 2020 में बाल विहार निवासी सोनू से हुई थी. वहीं सोनू ने बताया कि दहेज के लिए सुष्मा को प्रताड़ित करने की बात गलत है. मंगलवार को वह दिल्ली से घर लौटा था. बुधवार को पत्नी के साथ उसकी किसी बात को लेकर अनबन हो गई थी. शुक्रवार की सुबह उसने खेत में छिड़कने वाला कीटनाशक पी लिया. उसकी तबियत बिगड़ी तो उसे एमजीएम लाया गया. दोपहर तक वह नार्मल हो गई थी. सुबह अचानक उसकी मौत हो गई. सोनू ने बताया- पत्नी ने ही मायके वालों को उसके द्वारा जहर खाने की बात नहीं बताने की बात कही थी. इस कारण उसके मायके वालों को यह बात नहीं बताई गई थी.




