जमशेदपुर: जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर की उपस्थिति में शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया. गोष्ठी के दौरान शहर में लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया.
बैठक में लंबित वारंट एवं कुर्की मामलों को शीघ्र निष्पादित करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अवैध हथियारों के तस्करों और ड्रग्स पेडलरों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा पासपोर्ट सत्यापन के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने तथा गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी में तेजी लाने को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.(नीचे भी पढ़े)

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रखी जाए तथा जनता में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती एवं छापेमारी अभियान चलाया जाए.बैठक में आगामी त्योहार बकरीद (ईद-उल-अजहा) को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई. अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा शांति समिति के साथ समन्वय स्थापित कर त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई.







