जमशेदपुर : जमशेदपुर में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतशाम वकारिब ने सोमवार को साइबर थाना के लंबित मामलों की समीक्षा की. एसएसपी ने अपने कार्यालय में थाना प्रभारी और संबंधित अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित साइबर अपराध कांडों की स्थिति की जानकारी ली. समीक्षा के दौरान एसएसपी ने सभी मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रत्येक कांड में साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन के साथ-साथ साइबर और तकनीकी साक्ष्यों का प्रभावी इस्तेमाल करने पर जोर दिया. एसएसपी ने निर्देश दिया कि साइबर ठगी से संबंधित शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए. (नीचे भी पढ़ें)

ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों की जांच करते हुए उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. लंबित मामलों के जल्द निष्पादन को लेकर भी अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. पुलिस की ओर से आम लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई है. किसी भी तरह की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है.




