जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी में रविवार देर शाम एक कार चालक ने अपने ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 42 वर्षीय अभिजीत घोष के रूप में हुई है, जो पेशे से कार चालक था. परिजनों के मुताबिक, अभिजीत पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से गुजर रहा था. मृतक के ससुर औशित भट्टाचार्य ने बताया कि अभिजीत नशे का आदी था और उसके कार की किश्त लगभग 18 हजार रुपये बाकी थी. किश्त नहीं भर पाने के कारण वह लगातार तनाव में रहता था. रविवार को वह लोकल में ऑर्डर लेकर निकला था, लेकिन देर शाम जब घर लौटा तो अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा तो अभिजीत को फंदे से लटका पाया. तुरंत उसे फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस एमजीएम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अभिजीत अक्सर नशे में रहता था और कई बार आर्थिक तंगी की बात करता था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही प्रतीत होता है. परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई जारी है.




