

विधायक सरयू राय ने किया स्विमिंग पुल का उदघाटन
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने सावन महीने के अंतिम दिन जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाऊन हॉल परिसर में अपने विधायक निधि से निर्मित स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया. इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह स्वीमिंग पूल यहाँ के नागरिकों को समर्पित है. 12 वर्ष उम्र तक के बच्चे यहाँ अत्यंत न्यूनतम शुल्क देकर तैराकी सीखेंगे और जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता में भाग लें सकेंगे. इसके लिए अभिभावकों को यहाँ अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन करवाना होगा. यहां तैराकी सीखने आने वाले बच्चों के लिए क्लॉथ चैंजिंग रूम तथा कपड़े रखने का दराज भी बनाया गया है. स्वीमिंग पूल को बेहतर ढंग से संचालित करने और रखरखाव में जो भी लागत आएगा बच्चों से सिर्फ वही फीस के रूप में लिया जाएगा. श्री राय ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 सितंबर से स्वीमिंग पूल के लिए रेजिस्ट्रेशन प्रारम्भ होगा जो 15 सितंबर तक चलेगा। 16 सितंबर से तैराकी सिखाने का बैच प्रारम्भ कर दिया जाएगा. स्वीमिंग पूल के लिए बची हुई अन्य तैयारियां भी कर ली जाएंगी. यहां पानी को प्रतिदिन बदला जाएगा और पानी को साफ और स्वच्छ रखा जाएगा. अनुभवी कोच के द्वारा यहाँ तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाएगा. यह स्वीमिंग पूल पहला ऐसा पूल होगा जिसे सरकारी संस्थान द्वारा संचालित किया जाएगा. अब तक यहाँ के नागरिक इसके लिए सिर्फ टाटा स्टील द्वारा संचालित स्विमिंग पूल पर ही आश्रित थे. उन्होंने कहा कि इसके अलावा यहाँ एक बड़ा स्वीमिंग पूल बनाने का भी प्रस्ताव उन्होंने दिया है. अंतराष्ट्रीय मानक के अनुरूप हाल्फ ओलंपिक साईज का स्वीमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा. बहुत जल्द इसका निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाने की उम्मीद है. झारखंड सरकार का पर्यटन एवं खेल कूद विभाग इसके लिए फंड मुहैया करवाएगा. विधायक श्री राय ने कहा कि टाऊन हॉल से लेकर सूर्य मंदिर यह पूरी तरह से राज्य सरकार की संपत्ति है. राज्य सरकार ने इसे अपने कब्जे में लिया है तथा परिसर का जिम्मा जिला के उपायुक्त को दिया है, जिसे जमशेदपुर अक्षेस इसका पूरा प्रबंधन कर रहा है. इसका बेहतर विकास किया जाएगा, जो भी परेशानी आएगी उसका समाधान निकाला जाएगा. अभी इस मामले में हम टाटा स्टील के भरोसे हैं लेकिन सूर्य मंदिर परिसर का प्रबंधन और संचालन सरकार करेगी. इसकी सफलाता के लिए जनसहयोग की भी आवश्यकता है. श्री राय ने कहा कि शंख मैदान के बगल में एक कबड्डी कोर्ट और एक बॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण किया जाएगा. टाऊन हॉल के बगल में बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है जहाँ नौजवान और लड़कियाँ अभ्यास कर सकेंगे. टाऊन हॉल के नीचे 2 बड़े बड़े कमरे हैं इन कमरों में टेबल टेनिस कोर्ट और विलयार्ड बनाया जाएगा और इंडोर गेम के लिए तैयार किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यहाँ 2 बड़े तलाबों का विकास बच्चों के मनोरंजन के उपयुक्त बनाया जा रहा है. बच्चों के मनोरंजन के लिए पैडल से चलने वाले 2 सीटर वोट की व्यवस्था की जा रही है. श्री राय ने कहा कि इस परिसर को पूरी तरह से क्रीड़ा उद्यान के रूप में विकसित हो जाएगा. यहाँ विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. उद्घाटन के अवसर पर जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी संजय कुमार प्रशिक्षु विशेष पदाधिकारी संतोषी मुर्मू, सहायक अभियंता संजय कुमार, कनीय अभियंता नीतेश कुमार, भाजमो के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, संजीव आचार्य, मंजु सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नु, पी विजय कुमार, विजय नारायण, विनोद राय, दुर्गा राव, किरण सिंह, शिवानी सिंह आदि मौजुद थे. (नीचे भी पढ़ें)

सूर्य मंदिर समिति पूरे धूमधाम से मनायेगी जन्माष्टमी महोत्सव, मंदिर परिसर में स्विमिंग पूल और बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण कार्य के विरोध में शहर के धर्मप्रेमी 2 सितंबर को निकालेंगे मशाल जुलूस
लौहनगरी जमशेदपुर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू हो गई है. इसको लेकर बुधवार को सूर्य मंदिर समिति की बैठक सूर्य मंदिर परिसर, सिदगोड़ा में सम्पन्न हुई. मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, गुंजन यादव मुख्यरूप से शामिल रहे. बैठक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को पूरे भक्तिभाव एवं धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया. जिसमें 5 से 7 सितंबर तक विभिन्न प्रतियोगिता में राधा कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता, सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता समेत एकल मटकी फोड़ आयोजित की जाएगी. वहीं, बैठक में मंदिर परिसर के छठ घाट तालाब में स्विमिंग पूल और शंख मैदान में बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण कार्य योजना का समिति के सदस्यों ने एक स्वर में कड़ी निंदा की. इस दौरान मौजूद धर्मप्रेमियों की ओर से आगामी 2 सितंबर को जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्र में मशाल जुलूस निकालने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया. वहीं, विकास कार्यों के नाम पर सनातन धर्म पर हमला और सूर्य मंदिर के सौंदर्य को बिगाड़ने वाली मानसिकता के विरोध में आगामी 4 सितंबर को सूर्य मंदिर समिति के तत्वावधान में जिला उपायुक्त कार्यालय पर विशाल प्रदर्शन का निर्णय लिया गया. बैठक में कहा गया कि जब-जब महापर्व छठ पूजा का समय आता है, तब-तब पुर्वी के विधायक द्वारा सूर्य मंदिर के कार्यों में विघ्न डालने का कुत्सित प्रयास किया जाता है। कहा गया कि सूर्य मंदिर सनातन संस्कृति और आस्था के केंद्रबिंदु के रूप में स्थापित हुआ है. जहां वर्ष 2003 में जनता की मांग पर छठ घाट तालाब और शंख मैदान का निर्माण किया गया। परंतु कुछ लोगों की आंखों में सूर्य मंदिर की खूबसूरती खटक रही है. बैठक को संबोधित करते हुए सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि पूर्वी विधायक के द्वारा बार-बार सूर्य मंदिर परिसर में अनावश्यक विवाद उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है. विधायक के द्वारा सूर्य मंदिर परिसर के पवित्र शंख मैदान और छठ घाट तालाब को नष्ट करने का जो प्रयास किया जा रहा है, उसे शहर का कोई भी धर्मप्रेमी व्यक्ति स्वीकार नही कर सकता है. उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में जमशेदपुर के सूर्य मंदिर के जैसा सुंदर और संयमित समिति नही है परंतु विधायक द्वारा बार-बार धार्मिक भावनाओं को आहत करने का कृत्य किया जा रहा है. बैठक को संबोधित करते हुए सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुर्वी के विधायक द्वारा सूर्य मंदिर परिसर में विकास कार्यों के नाम पर लोगों की जनभावनाओं को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है. विधायक जी ऐसे कार्यों से क्षेत्र में तनाव का वातावरण पैदा कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं. उनका एक ही मकसद है कि किस तरह से सूर्य मंदिर में लोगों की आस्था को कम करें और इसकी सुंदरता को बर्बाद करें. उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्य एवं छठ घाट के स्थान पर स्विमिंग पूल निर्माण और आध्यात्मिक स्थल शंख मैदान में बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण कार्य से विधायक जी की धर्म विरोधी मानसिकता पुनः उजागर हुई है. कहा कि पुर्वी विधायक सनातन धर्म को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं, इस तरह के धर्म विरोधी कार्यो को सम्पूर्ण हिन्दू समाज कतई बर्दाश्त नहीं करेगा. इस दौरान मंच संचालन मंदिर समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी एवं धन्यवाद ज्ञापन शशिकांत सिंह ने किया. इस अवसर पर सूर्य मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष संजीव सिंह, दिनेश कुमार, खेमलाल चौधरी, राकेश सिंह, अखिलेश चौधरी, रूबी झा, शैलेश गुप्ता, बंटी अग्रवाल, कृष्ण मोहन सिंह, प्रेम झा, प्रमोद मिश्रा, कमलेश साहू, बोलटू सरकार, अमित अग्रवाल, धर्मेंद्र प्रसाद, दीपक नाग, संतोष ठाकुर, बबलू गोप, बिनोद राय, प्रशांत पोद्दार, बजरंगी पांडेय, सूरज सिंह, रॉकी सिंह, संतोष कुमार, पुष्पेंद्र मिश्रा, कुमार अभिषेक, दीपक नाग, बिमला साहू, शीलू साहू, कुमार संदेश, अमित सिंह, संजय सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.














