जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर क्रॉस रोड नंबर 14 में घर की अलमारी के लॉकर से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है. इस संबंध में घर की मालकिन जीनत उर्फ निशा ने मानगो थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. शिकायत के बाद रविवार को पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.जीनत उर्फ निशा, कमर अशरफ अहमद की पत्नी हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि शनिवार को किसी काम से उन्होंने अलमारी का लॉकर खोला तो उसमें रखे सोने के जेवर गायब मिले. लॉकर में सोने की दो अंगूठियां और एक चेन रखी हुई थी. चोरी गए जेवरात की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है. (नीचे भी पढ़े)
जीनत ने पुलिस को बताया कि 7 अगस्त को रोड नंबर 14 में किराये के मकान में रहने वाले उमर की पत्नी सलीमन बीबी उनके घर आई थीं. उनके अनुसार, उस दिन उनके घर आने वाली सलीमन बीबी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति नहीं था. इसी आधार पर उन्होंने सलीमन बीबी पर जेवर चोरी करने का शक जताया है.हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी. वहीं, मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि जेवर अलमारी के लॉकर में रखे थे, तो संदिग्ध महिला वहां तक कैसे पहुंची. पुलिस इस बिंदु समेत अन्य संभावनाओं की भी जांच कर रही है. चोरी में सलीमन बीबी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता.जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा.







