जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थानांतर्गत गोलपहाड़ी सातो मैया मंदिर के निकटस्थ नया बस्ती निवासी आशा देवी, ममता देवी व माधुरी देवी ने सिटी एसपी से मिल कर स्थानीय निवासी नाकेश प्रसाद के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. पीड़ित महिला आशा देवी ने सिटी एसपी को सौंपे गये शिकायत पत्र में बताया है कि एसएसपी के यहां एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करने के लिए उनके द्वारा आवेदन दिया गया था. इसकी जानकारी मिलने पर नाकेश प्रसाद ने उनके व उनकी पड़ोसी ममता देवी के घर के सामने जाकर गाली-गलौज किया व नग्न प्रदर्शन करते हुए बलात्कार करने की धमकी दी. पीड़िता ने बताया है कि किसी तरह घर का दरवाजा बंद कर अपनी लाज बचायी. उसके बाद बस्ती की ही राधिका देवी के घर से समक्ष गाली-गलौज किया गया. इसके बाद स्थानीय थाने में घटना की शिकायत की. पुलिस के आने पर आरोपी द्वारा पुलिस के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया. आशा देवी ने बताया है कि नाकेश कुमार दबंग व आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति है. उन्होंने सिटी एसपी से इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की गुहार लगायी है.







