जमशेदपुर: जमशेदपुर शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बाइक चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.अभियान के दौरान पुलिस ने तेज आवाज करने वाले 102 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए हैं. वहीं,कार्रवाई की जद में आए वाहन चालकों से पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया. खास बात यह रही कि जब्त किए गए सभी मॉडिफाइड साइलेंसरों को आज सड़क पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया.(नीचे भी पढे)
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मॉडिफाइड साइलेंसर से बाइक चलाने पर तेज आवाज निकलती है, जिससे आम लोगों को परेशानी के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है.ट्रैफिक डीएसपी नीरज ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ वाहन पकड़े जाने पर जुर्माना, साइलेंसर जब्ती और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




