जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपयुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय द्वारा मानगो बस स्टैंड में एआइएस 052 एवं एआइएस–119 के अंतर्गत निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु स्लीपर बसों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया. अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार एवं मोटरयान निरीक्षक सूरज हेम्ब्रम के द्वारा संचालित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

जांच के दौरान 17 स्लीपर बसों में निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया. ऐसे मामलों में संबंधित बस मालिकों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान सभी बस मालिकों एवं संचालकों को नए प्रावधान के तहत नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप शीघ्र दुरुस्त करें. (नीचे भी पढ़ें)

निर्धारित समयावधि के भीतर अनुपालन नहीं करने पर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. यात्रियों की सुरक्षा एवं नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.


















