
जमशेदपुर : जमशेदपुर जिला उद्योग भवन में प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत जिले के 25 युवाओं के बीच एक करोड़ के ऋण का वितरण किया गया. इस दौरान जिले के उपायुक्त ने सभी बैंक प्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए बताया कि बेरोजगारी के दौर में सभी को नौकरी मिलना संभव नहीं है. युवा बैंकों के सहयोग से स्वरोजगार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं. प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना के तहत लाभुकों को बेहद ही कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है, जिससे युवा स्वरोजगार कर सकें और अपनी आय बढ़ा सकें. जिले के उपायुक्त ने केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध कराने का निर्देश सभी बैंकरों को दिया. साथ ही अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किए जाने की बात उन्होंने कही. वैसे आज भी काफी ऐसे युवा हैं जो अज्ञानता के अभाव में इन योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं. इसके लिए जागरूकता अभियान चलाए जाने पर उन्होंने जोर दिया.





