
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा शास्त्रीनगर में जेल भेजे गए भोला लोहार की 80 वर्षीय मां आशा देवी की मौत हो गई. अपने बेटे के वियोग में मां ने दम तोड़ दिया. इसकी खबर मिलने के बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी घर जाकर मिले. भोला लोहार विश्व हिंदू परिषद के सह मंत्री है. पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने परिजनों को विश्वास दिलाया कि वे लोग उनकी लड़ाई में साथ है. बाबूलाल मरांडी के साथ भाजपा नेता अमर सिंह, लालचंद सिंह अमित शर्मा, रंजन सिंह, आलोक बाजपेई, अवतार सिंह गांधी, दिलीप पासवान, हरेराम यादव, संतोष सिंह, मनीष सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा भाजपा परिवार आपके साथ खड़ा है. मनुष्य का आना जाना जीवन का एक सत्य है परंतु अपनों का असमय जाना बहुत दुख देता है. आशा देवी का शव शीतगृह में रखा गया है. मंगलवार को पैरोल पर पुत्र भोला लोहार के आने के बाद दाह संस्कार किया जाएगा.



