रांची: कोडरमा अंचल की सहायक निबंधक मिताली शर्मा को एसीबी ने 10 हजार रुपये घूस लेते शुक्रवार को रंगे हाथ पकड़ा. हजारीबाग एसीबी की टीम ने मिली शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहायक निबंधक मिताली शर्मा को गिरफ्तार किया. बताया जा रहा है कि जिले में खरीफ फसलों के बीज वितरण के लिये तय नोडल एजेंसी कोडरमा व्यापार मंडल सहयोग समिति लिमिटेड का आरोपी सहायक निबंधक मिताली शर्मा ने निरीक्षण किया था. निरीक्षण के बाद वहां मौजूद कई कर्मियों से उन्होंने स्पष्टीकरण मांगा था. स्पष्टीकरण से बचने के लिये आरोपी सहायक निबंधक मिताली शर्मा ने 20 हजार रुपये घूस की मांग की थी. मामले की शिकायत हजारीबाग एसीबी से की गई, इसके बाद एसीबी की टीम मामले की जांच कर आरोपी आरोपी सहायक निबंधक मिताली शर्मा को 10 हजार रुपये घूस के साथ गिरफ्तार कर लिया.(नीचे भी पढ़े)

दूसरी ओर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की पलामू इकाई ने विशेष भू-अर्जन कार्यालय में शुक्रवार को कार्रवाई कर वहां के प्रधान लिपिक टुनटुन कुमार उपाध्याय को 12 हजार रूपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. प्रधान लिपिक भूमि अधिग्रहण मुआवजा के भुगतान के लिए फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत ले रहे थे. भू-अर्जन कार्यालय से प्रधान लिपिक को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम उनके आवास पर भी गई और वहां भी सर्च अभियान चलाया. बता दें कि पलामू एसीबी की टीम ने प्रधान लिपिक को गिरफ्तार करने के साथ ही इस वर्ष का 5 ट्रेप केस को पूरा कर लिया है. यहां यह भी बता दें कि वर्ष 2018 में एसीबी की टीम ने प्रधान लिपिक टुनटुन उपाध्याय को घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था.



