सरायकेला: सरायकेला-खरसावां पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने अपहरण के एक प्रयास को समय रहते नाकाम कर दिया है, हालांकि अपहर्ता अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाये हैं. एसपी आनंद प्रकाश ने दावा किया है कि जल्द ही सारे अपहर्ता गिरफ्तार कर लिए जाएंगे.यह घटना गुरुवार देर शाम की है, जिसमें जिले के तीन थानों की पुलिस ने करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक के अपहरण की का प्रयास विफल कर दिया. मामला आदित्यपुर थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि आइआइटी गोकुल नगर सोसायटी के रहने वाले सुमित राज नामक युवक को एमडी हसन नामक युवक ने फोन कर आरआइटी मोड़ पर बुलाया.(नीचे भी पढ़े)
सुमित एक डिजिटल ट्रेनर है, जिसका मुख्य काम लोगों को ऑनलाइन ट्रेनिंग देना है. वह अपने साथी अरविंद को लेकर आरआइटी मोड़ पहुंचा तो हसन वहां पहले से मौजूद था. हसन ने अपने पांच अन्य साथियों के सहयोग से उसे जबरन एक आइ टेन कार (संख्या जेएच01सीजेड- 0945 में बिठा लिया एवं हथियार के बल पर उसका चेहरा ढक दिया. इसके बाद वे लोग उसे किसी अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उन्होंने सुमित से अपने ऐसे रिश्तेदार का नंबर देने को कहा जो उन्हें फिरौती के रूप में तत्काल दस लाख रुपये दे सके. ऐसा नहीं करने पर उन्होंने उसे जान से मार देने की धमकी दी. सुमित ने अपनी पत्नी एवं अपने दोस्त अरविंद का नंबर दिया.(नीचे भी पढ़े)
उधर अरविंद घटना के बाद सुमित की पत्नी को लेकर आदित्यपुर थाना पहुंचा. इस बीच बार-बार अपहर्ताओं का फोन आता देख थाना प्रभारी राजन कुमार हरकत में आये एवं एसडीपीओ हरविंदर सिंह एवं एसपी आनंद प्रकाश को तत्काल इसकी सूचना दी. एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में तत्काल एक टीम गठित की गयी, जिसने ऑपरेशन आरंभ किया. करीब 5 घंटे की माथापच्ची के बाद पुलिस ने गम्हरिया के अर्का जैन यूनिवर्सिटी रोड के समीप सुनसान जगह से आइ टेन गाड़ी रिकवर कर ली. इसकी भनक लगते ही अपहर्ताओं ने सुमित पर पैसे मंगाने का दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया. इसी बीच मौका पाकर सुमित रात के अंधेरे में किसी तरह भाग निकला. मुख्य सड़क पर आते ही सुमित की नजर उसे ही ढूंढ़ रही पुलिस पर पड़ी, जिन्हें देख उसने राहत की सांस ली.(नीचे भी पढ़े)
इसके बाद पुलिस सुमित को साथ लेकर पूरी रात अपहर्ताओं की तलाश करती रही, किन्तु उनका कोई सुराग नहीं मिला. बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड पटना निवासी सुदर्शन है जो सुमित को पहले से जानता है. सुदर्शन ने हसन एवं कुछ स्थानीय अपराधियों के साथ मिलकर सुमित के अपहरण की योजना बनाई, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया. इस पूरे अभियान में आदित्यपुर थाना प्रभारी राजन कुमार, आरआइटी थाना प्रभारी सागर लाल महथा, गम्हरिया थाना प्रभारी सुषमा कुमारी, एसआइ अभिषेक कुमार, टाइगर मोबाइल उमाशंकर एवं अन्य पुलिस कर्मियों का सहयोग रहा.



