
रांची : झारखंड के गोड्डा जिले से एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. झारखंड के गोड्डा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पथवारा दुर्गा मंदिर के पास महर्षि मेही आश्रम में बोकारो की एक साध्वी के साथ चार हथियार बंद अपराधियों ने बंदूक की नोंक पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. इस घटना के बाद से ही इलाके के लोगों में आक्रोश है. इधर सूचना मिलने पर गोड्डा जिले के एसपी वाईएस रमेश मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया. पुलिस ने इस मामले में स्थानीय निवासी दीपक राणा को गिरफ्तार किया गया है. महिला थाना में एसपी ने पीड़िता से पूछताछ की.
हथियार के बल पर किया दुष्कर्म
साध्वी ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात सत्संग के बाद सभी लोग निकल रहे थे. इसी बीच चार अपराधी आश्रम में घुस आए. उन्होने आश्रम में मौजूद सभी लोगों को बंदूक का भय दिखाकर बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया. सभी ने इसके बाद साध्वी के साथ दुष्कर्म किया.बताया जाता है कि इस घटना को आरोपी दीपक राणा ने अंजाम दिया है.
आरोपी दीपक राणा के खिलाफ कई मामले दर्ज
घटना को अंजाम देने वाले आरोपी दीपक राणा के खिलाफ कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज है. उसके खिलाफ हत्या का मामला भी चल रहा है. फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथिय़ों की तलाश कर रही है.
सांसद निशिकांत दुबे ने मुख्यमंत्री को लिया घेरे में
घटना को आमानविय बताते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने इस मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को घेरे में ले लिया है. उन्होने ट्वीटर के माध्यम से लिखा कि हेमंत है तो हिम्मत है प्रभारी डीजीपी को मेरे उपर केस कराने और कोर्ट जाने से फुर्सत नहीं है. इसके साथ ही विहिप और बजरंग दल ने भी आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की मांग की है. वैसे राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मामले में गोड्डा के डीसी व एसपी को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया है.








