अनिल कुमार/बोकारो : कोचिंग में साथ पढ़ने वाले युवक के नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला बोकारो के सेक्टर 9, हरला थाने में दर्ज कराया गया है. पीड़िता की शिकायत पर हरला पुलिस ने शनिवार को पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें बिट्टू उर्फ नंदन कुमार को आरोपी बनाया गया है. थाना प्रभारी की मानें तो मामला प्रेम प्रसंग का है और विगत 2 वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था. (नीचे भी पढ़ें)
थाना प्रभारी प्रभाकर मुंडा ने बताया कि पीड़िता सेक्टर नौ बी रोड मार्केट स्थित एक कोचिंग में ट्यूशन जाती थी. आरोपी छात्र भी उसी कोचिंग सेंटर में ट्यूशन पढ़ता था. कोचिंग जाने आने के क्रम में आरोपी छात्र ने छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसाया, फिर बहला-फुसलाकर उससे दुष्कर्म किया. यह सिलसिला लगातार अंतराल पर चलता रहा. छात्रा लोक लज्जा की वजह से आरोपी छात्र की हरकतों को झेलती रही. डर से किसी के सामने घटना का जिक्र नहीं किया. जब पीड़ित छात्रा का शारीरिक परिवर्तन होने लगा तो मामला सार्वजनिक हो गया. इसके बाद पीड़िता परिजनों के साथ थाना पहुंची, जहां उसकी शिकायत पर आरोपी छात्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.














