अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो डीसी ऑफिस कार्यालय में आज झारखंड आंदोलनकारी युवा मोर्चा की अगुआई में विस्थापित युवाओं ने अनोखा आंदोलन किया. विस्थापित युवा आज उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट के समक्ष दंडवत लेट कर प्रणाम कर एसडीओ के साथ हुई त्रिपक्षीय वार्ता में हुए समझौते को लागू कराने की मांग करते नजर आए. (नीचे भी पढ़ें)
आंदोलन कर रहे सभी विस्थापित उत्तरी क्षेत्र के रहने वाले हैं, जहां बोकारो स्टील के द्वारा त्रिपक्षीय वार्ता के बाद 9 किलोमीटर तक इस शर्त के साथ बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया था कि विस्थापित ग्रामीणों को नियोजन दिया जाएगा. किन्तु वर्ष 2009 में संपन्न उक्त त्रिपक्षीय वार्ता में किये गये वायदों को कंपनी प्रबंधन ने आज तक पूरा नहीं किया है. इसी को लेकर आज सभी विस्थापित इस तरह दंडवत लेट कर आंदोलन करने को मजबूर हुए.(नीचे भी पढ़ें)
संघ के अध्यक्ष ललित नारायण ने कहा कि लोग सावन के महीने में बाबा धाम जल चढ़ाने के लिए जाते हैं, लेकिन वे जिले के मालिक के पास दंडवत कर उन्हें यह बताने आये हैं कि हमारे साथ हुई त्रिपक्षीय वार्ता को लागू करायें, नहीं तो हमलोग इसी तरह सर पटक कर अपनी जान देने को विवश हो जाएंगे.



