
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एक्शन में नजर आने लगे है. राज्य सरकार के गठन के साथ ही मुख्यमंत्री ने इसके लिए अपनी कार्रवाई को तेज कर दी है. वैसे हेमंत सोरेन के लिए शुक्रवार का दिन काफी महत्वपूर्ण था. शुक्रवार को हेमंत सोरेन ने शादी का 14वां सालगिरह मनाया. उन्होंने इस मौके पर अपनी पत्नी के साथ जबरदस्त तस्वीर साझा की जबकि ट्विट किया ”आज हमारे विवाह को 14 वर्ष हो गए. राजनीतिक जीवन में आने के बाद मेरे उतार-चढ़ाव भरे संघर्षपूर्ण सफ़र में हमजोली रही मेरी धर्मपत्नी कल्पना, आज की मेरी सफलता में अहम योगदान रखती है.” उन्होंने इसको मनाने के बाद आम जनता से हर दिन की तरह ही मुलाकात की. इसी दौरान ही उनकी नजर एक ट्विट पर पड़ी. एक व्यक्ति ने टविटर पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें देवघर के एक सिपाही धर्मेंद्र कुमार हेलमेट नहीं पहनने वाले व्यक्ति से घूस लेते हुए दिखे. फिर क्या था, हेमंत सोरेन ने डीसी देवघर को कार्रवाई का निर्देश दिया और देवघर एसपी ने तत्काल उक्त सिपाही को सस्पेंड कर दिया. दूसरी ओर, हेमंत सोरेन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा चोट करते हुए एक और एक्शन लिया, जिसकी तरह जगह तारीफ हो रही है. उनके ही विधानसभा क्षेत्र दुमका से हंसडीहा रोड के निर्माण में अशोका बिल्डकॉन कंपनी की ओर से घटिया निर्माण किया गया था. इस सड़क की स्थिति को देखकर मुख्यमंत्री ने अशोका बिल्डकॉन के 65 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी और सिक्यूरिटी की राशि को जब्त करने का आदेश दिया, जिसके आलोक में पथ निर्माण विभाग ने अपने एकाउंट में नासिक के एक बैंक से सारी राशि को ट्रांस्फर करा लिया. इसके अलावा 20 करोड़ रुपये की राशि को भी जब्त करा दिया. बताया जाता है कि उक्त सड़क को घटिया बनाया गया था, जिस कारण यह कार्रवाई की गयी. जो पैसे जब्त किये गये है, उसी पैसे से सड़क को नये सिरे से बनवाने का आदेश दिया है.







