
लोहरदगा/रामगढ़ : झारखंड के लोहरदगा में रविवार की रात हुए हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. इसके अलावा इस घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गये है. इस घटना के बाद उस क्षत्र में अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है. रांची रेंज के डीआइजी, सीआइडी डीआइजी की देखरेख में पुलिस टीम अलर्ट है जबकि पूरे जिले में इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. इंटरनेट सेवाओं के बंद होने के बाद लोग अपने संदेशों का आदान प्रदान नहीं कर पा रहे है. वहीं, घायलों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेज दिया गया है. आपको बता दें कि लोहरदगा में रविवार को रामनवमी पर शोभायात्रा निकाली गयी थी. आरोप है कि एक कब्रिस्तान के पास लोग नारेबाजी करने लगे. इसके बाद किसी अन्य समुदाय के लोगों ने जुलूस पर पथराव कर दिया, जिसके बाद वहां सांप्रदायिक हिंसा भड़क गयी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत होग यी जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये है. पूरे जिले में प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दिया है. कई टुकड़ी फोर्स को वहां उतारा गया है. बताया जाता है कि लोहरदगा जिले में हुए तनाव के माहौल के बीच सदर थाना क्षेत्र के भोक्ता बगीचा के पास हुए टकराव में एक व्यक्ति की मौत हुई है. इस बीच लोहरदगा में भाजपा ने बंद कराने की कोशिश सोमवार को की, लेकिन पुलिस ने सख्ती बरती और लोगों को मनाकर वापस भेज दिया. (नीचे देखे पूरी खबर)

कोडरमा में भी एक समुदाय की दुकान में तोड़फोड़ किया गया
झारखंड के ही एक अन्य जिले कोडरमा में भी आपसी हिंसा की खबर है. बताया जाता है कि कोडरमा बाजार में एक समुदाय की कुछ दुकानों में तोड़फोड़ कर दी गयी. इस घटना के बाद बाजार बंद होगया. बताया जाता है कि रामनवमी जुलूस के दौरान वहां भी रविवार की रात जुलूस पर पत्थर फेंके गये थे, जिसके बदले में दूसरे समुदाय के लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ की है. इसके बाद से कोडरमा जिले में भी हंगामा की स्थिति को देखते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है, लेकिन स्थिति काबू में बताया जा रहा है.
झारखंड में दूसरी बार लगाया गया इंटरनेट बंद
फरवरी माह में ही सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान हजारीबाग जिले के बरही गांव में रुपेश पांडेय की हत्या कर दी गयी थी. इस घटना के बाद क्षेत्र में हिंसा भड़क गयी थी. बाद में सरकार ने रुपेश पांडेय के परिजनों को नौकरी और मुआवजा दिया, जिसके बाद मामला अभी तो शांत है, लेकिन वहां हालात को काबू में लाने के लिए हजारीबाग समेत आसपास के पांच जिलों में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया था. इसी साल में यह दूसरी बार हुआ है कि जिले में इंटरनेट सेवाओं को बंद किया गया है.







