देवघर : देवघर के उपायुक्त विशाल सागर ने शनिवार, 8 फरवरी को यहां सदर अस्पताल परिसर से फाइलेरिया विलोपन के उद्देश्य से एमडीए-2025 कार्यक्रम को लेकर जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया ताकि शत प्रतिशत लोगों को जागरूक किया जा सके. इस मौके पर उपायुक्त ने जानकारी दी कि आगामी 10 से 25 फरवरी तक लोगों को डीईसी एवं एलवेंडाजोल दवा की खुराकें खिलाई जानी हैं एवं इसके तहत् चिह्नित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्रो, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वार्ड कार्यालयों आदि के फाइलेरिया बूथ पर दवा खिलाई जाएगी. साथ ही छूटे हुए व्यक्तियों को सहिया, सेविका एवं स्वयं सेवियों द्वारा घर-घर जाकर डीईसी एवं एल्बेंडाजोल की गोलियां खिलाई जाएंगी. उन्होंने आगे कहा कि फाइलेरिया की दवा खिलाते वक्त दवा वितरक इस बात का विशेष ध्यान रखें कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, वृद्धों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को दवा न खिलाई जाय. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा उपायुक्त ने जानकारी दी कि अभियान के तहत् 01-02 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली पानी में मिलाकर दी जानी है एवं 02-05 वर्ष तक के बच्चों को डीईसी की एक गोली व एलवेंडाजोल की एक गोली दी जानी है एवं 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को डीईसी की दो गोलियां एवं एलवेंडाजोल की एक गोली लेनी है. वहीं 15 वर्ष से ऊपर के सभी व्यक्तियों को डीईसी की तीन गोलियां एवं एलवेंडाजोल की एक गोली का सेवन करना है. इससे यह फायदा होगा कि जिन लोगों के रक्त में माइक्रो फाइलेरिया का परजीवी मौजूद है, परन्तु वर्तमान में उसका लक्षण परिलक्षित नहीं हो रहा है, उनके द्वारा समय-समय पर इस दवा की खुराक लेने से फाइलेरिया जैसी बीमारी से उनका बचाव हो सकता है. उन्होंने कहा कि जागरूकता रैली के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करने हेतु प्रेरित किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान उपर्युक्त के अलावा सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा मुकेश कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ प्रभात कुमार, जिला वीवीडी पदाधिकारी डॉ गणेश कुमार, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, चिकित्सकों की टीम एवं संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे.



